लगातार दो हफ्ते की गिरावट के बाद यह हफ्ता थोड़ा तेज़ी का हो सकता है। निफ्टी शुक्रवार को 5651 पर बंद हुआ था। जानकार बताते हैं कि अगर निफ्टी आज 5690 के ऊपर बंद होता है तो वह जल्दी ही 5825 की मंजिल तक पहुंच सकता है। वैसे, इस हफ्ते बुधवार को होली और शुक्रवार को गुड फ्राइडे के चलते बाज़ार बंद है। इसलिए केवल तीन दिन ही ट्रेडिंग होनी है। इसमें भी गुरुवार को इस महीने के डेरिवेटिव सौदों का सेटलमेंट होना है। इसलिए कम वोल्यूम में ज्यादा उतार-चढ़ाव का अंदेशा है।
एफआईआई अब भी शुद्ध खरीदार बने हुए हैं। बीते हफ्ते उनकी शुद्ध खरीद 686.02 करोड़ रुपए की रही। यह इस साल जनवरी से लेकर अब तक किसी भी हफ्ते में उनकी सबसे कम खरीद है। दूसरी तरफ डीआईआई की तरफ से बेचने का सिलसिला जारी है। बीते हफ्ते उनकी शुद्ध बिक्री 911.09 करोड़ रुपए की रही।
निफ्टी की गति
पिछला बंद | शुक्र का उच्चतम | शुक्र का न्यूनतम | शुक्र का बंद | समर्थन/बाधा |
5658.75 | 5691.45 | 5631.80 | 5651.35 | 5620/5710 |
मुश्किलें मुझ पर पड़ीं इतनी कि आसां हो गईं। वेदांता समूह की कंपनी केयर्न इंडिया के शेयर का इस समय यही हाल है। बहुत सारी बुरी खबरों और झंझावातों को वो जज्ब कर चुका है। 21 जनवरी को दिसंबर तिमाही के अच्छे नतीजों की घोषणा के बावजूद उसका शेयर अब तक करीब 19 फीसदी गिर चुका है। शुक्रवार को बीएसई में उसका बंद भाव 277.55 रुपए और एनएसई में 277.30 रुपए रहा है। उसी दिन इसने 275.55 रुपए पर 52 हफ्ते की तलहटी पकड़ी है। लेकिन अब इसे आगे बढ़ना है। बहुत मुमकिन है कि अगले पांच दिनों में यह 290 रुपए तक पहुंच जाए। इस तरह इसमें साढ़े चार फीसदी कमाने का मौका है।
केयर्न इंडिया (बीएसई – 532792, एनएसई – CAIRN)
शुक्र का बंद भाव | 52 हफ्ते का उच्चतम | 52 हफ्ते का न्यूनतम | भावी उम्मीद | अपेक्षित रिटर्न |
277.55 रुपए | 365.90 रुपए | 275.55 रुपए | 290 रुपए | +4.48% |
(भाव बीएसई के)
डिस्क्लेमर: शेयर बाजार के निवेश में सबसे ज्यादा रिस्क है। इसलिए निवेश का फैसला काफी सोच-विचार और रिसर्च के बाद ही करें। आपके निवेश के लिए हम किसी भी रूप में जिम्मेदार नहीं होंगे।