रोलओवर या ड्रामा एफआईआई का?

हमने अपनी सारी लॉन्ग कॉल्स शुक्रवार को ही बंद कर दी थीं क्योंकि हमें पूरा अहसास था कि रिलायंस इंडस्ट्रीज और टीसीएस सितंबर तिमाही के नतीजों से बाजार को निराश करेंगी। इसके ऊपर से दुनिया के बाजारों ने आग में घी डालने का काम कर दिया।

कुछ बाजार सूत्रों का कहना है कि आज दो प्रमुख एफआईआई ने निफ्टी में अपनी लांग पोजिशन काटी है। लेकिन मैं पक्की तरह जानता हूं कि यह सब ड्रामा है। गिरावट व तकलीफ का यह दौर असल में रोलओवर के प्रभाव का ही नतीजा है। निफ्टी के 4975 पर पहुंचने पर सारी तकलीफ हवा हो जाएगी और वही एफआईआई नवंबर निफ्टी की खरीद शुरू कर देंगे। इस मायने में सही कहा गया है कि जो हम देखते या सुनते हैं, वह हमेशा सच नहीं होता।

निफ्टी को 5000 के नीचे जाते ही खरीद लें और निश्चिंत होकर बैठ जाएं। जहां तक हमारी बात है कि तो हमने 5150 के आसपास मुनाफावसूली कर डाली और 4990 पर अपनी सारी पोजिशन काट दी थी। अब हम नई खरीद के लिए तैयार हैं और निफ्टी के 4750 पर पहुंचने तक खरीदते रहेंगे। लेकिन मेरा मानना है कि बाजार 4975 तक जाने के बाद पलटी मारेगा और एक बार फिर 5170 तक चला जाएगा। इस बार अगर शॉर्ट सौदे नहीं काट लिए गए तो यह 5350 के ऊपर जाकर बंद हो सकता है।

फिलहाल आज निफ्टी गिरने के बावजूद ज्यादा नहीं गिरा। वह दिन में एक बार भी 5000 के स्तर से नीचे नहीं गया। कुल 1.58 फीसदी की गिरावट के साथ 5037.50 पर बंद हुआ। काश ये 5050.50 पर बंद होता तो एक मनोवैज्ञानिक आवेग मिलता। खैर…

इधर रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) समूह से जुड़ी निवेश फर्में बड़े पैमाने पर कोल इंडिया को खरीदकर बटोर रही है। इसलिए कोल इंडिया वापस फिर से 360 से 380 रुपए तक जाएगा। ऊपर उठने पर चाहें तो आप इसे फिर से बेचने की सोच सकते हैं। आज यह 2.71 फीसदी बढ़कर 330.10 पर बंद हुआ है।

चाहत पूरी हो जाए, आप सफल हो जाएं, तब भी खुश बने रहें, जरूरी नहीं। खुशी तो एक भाव है जो हर यात्रा में क्षितिज पर दिखाई देता है और आप क्षितिज पर कभी पहुंच नहीं पाते।

(चमत्कार चक्री एक अनाम शख्सियत है। वह बाजार की रग-रग से वाकिफ है। लेकिन फालतू के कानूनी लफड़ों में नहीं पड़ना चाहता। वह अंदर की बातें आपके सामने रखता है। लेकिन इनकी सत्यता की पुष्टि अपने स्तर पर जरूर कर लें। आपके निवेश फैसले के लिए अर्थकाम किसी भी सूरत में जिम्मेदार नहीं होगा। यह मूलत: सीएनआई रिसर्च का कॉलम है, जिसे हम यहां आपकी शिक्षा के लिए पेश कर रहे हैं)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *