आईपीएस अधिकारी से सामाजिक कार्यकर्ता बनी किरण बेदी का कहना है कि भ्रष्टाचार के कारण भारत को हर साल 16 अरब डॉलर का नुकसान होता है। शिकागो में वैश्विक मामलों पर आयोजित एक कार्यक्रम में किरण ने कहा, ‘‘सामाजिक योजनाओं व इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए दिए जा रहे हर 100 रुपए में से सिर्फ 16 रुपये का ही इस्तेमाल हो पाता है और 84 रुपये व्यर्थ चले जाते हैं।’’ उन्होंने कहा कि अगर भारत भ्रष्टाचार मुक्त हो जाए तो वह दुनिया का सबसे विकसित देश बन सकता है।
किरण बेदी ने लोकपाल विधेयक के बारे में कहा कि भ्रष्टाचार बढ़ रहा है क्योंकि उस पर निगरानी और इसके नकारात्मक प्रभाव से निपटने के लिए देश में कोई तंत्र नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले दो महीनों में मुख्य लोगों और राजनेताओं को जेल भेजने और अब तक जमानत नहीं दिए जाने को लेकर सुप्रीम कोर्ट का शुक्रिया अदा किया जाना चाहिए।’’
उन्होंने गायत्री शक्ति पीठ में भी ‘इंडिया अगेन्स्ट करप्शन’ कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले वर्षों में भ्रष्टाचार में बढ़ोतरी हुई है और घोटालों की संख्या भी बढ़ी है।’’ आकड़े बताते हैं कि इन घोटाले के खिलाफ अपेक्षित सजा नहीं है। बेदी ने कहा कि आंदोलन को समर्थन देने के लिए उन्हें अनिवासी भारतीयों की अतिरिक्त ताकत की जरूरत महसूस होती है।