चीन की राजधानी बीजिंग के जो लोग अभी तक प्रदूषण की पूरी जानकारी के लिए अमेरिकी दूतावास पर निर्भर थे, उन्हें अब शहर प्रशासन ही पूरी जानकारी देने लगेगा। बड़े आश्चर्य की बात है कि बीजिंग का प्रशासन अभी तक शहर ने बाशिंदों को प्रदूषण की आधी-अधूरी जानकारी ही देता था। लेकिन लोगों के दबाव के आगे झुकते हुए उसने अब वायु प्रदूषण के बारे में विस्तृत जानकारी देने पर रजामंदी जता दी है।
असल में चीन की राजधानी में तमाम लोगों की शिकायत रही है कि उन्हें सही स्थिति के लिए अमेरिका के दूतावास द्वारा प्रदूषण पर निगरानी रखने वाली जानकारी पर ही निर्भर करना पड़ता है क्योंकि आधिकारिक आंकड़े इस प्रदूषण से हो रहे खतरों को कम आंकते हैं।
पर्यावरण से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि वे इस मामले पर लोगों के ग़ुस्से को देखते हुए वायु में फैले छोटे कणों के बारे में आंकड़े जारी करना शुरू करेंगे। समझा जाता है कि वायु में फैले ये छोटे कण, बड़े कणों से ज़्यादा घातक हैं। चीन में फ़िलहाल इन बड़े कणों की ही निगरानी की जा रही है।
