विदेशी बैंकों में जमा देश के काले धन को वापस लाने के लिए सरकार ने 97 देशों से बात की है। वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि विदेशी बैंकों में अवैध रूप से जमा भारतीय पैसे को वापस लाने के लिए सरकार हरसंभव कदम उठा रही है।
राजधानी दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में मुखर्जी ने कहा कि काले धन को वापस देश में लाने के लिए सरकार लगातार कोशिश कर रही है। इस बारे में हमें दो तरीकों से वैध सूचनाएं प्राप्त हो सकती है। सरकार दोनों विकल्पों पर ध्यान दे रही है।
एक तरीका तो दोहरे कराधान से बचने के लिए विभिन्न देशों के साथ द्विपक्षीय संधि है। दूसरा तरीका इन मुद्दों को लेकर दूसरे देशों के साथ विभिन्न मंचों के जरिए सूचनाओं को साझा करना है।
वित्त मंत्री ने बताया कि कालेधन के मुद्दे पर अब तक 97 देशों से बातचीत हो चुकी है। इनमें से 75 के साथ दोहरे कराधान से बचने के लिए समझौते और 22 से कर संबंधी सूचना साझा करने को लेकर बातचीत शुरू की गई है। इनमें 58 देशों के साथ बातचीत पूरी हो चुकी है, जबकि 29 के साथ वार्ता जारी है। सरकार ने इस दिशा में 16 समझौते भी किए हैं।
