बढ़त का रुझान दिखे है विप्रो में

भारतीय अर्थव्यवस्था पर दुनिया के हाल का कितना असर पड़ता है, यह भले ही बहस का मुद्दा हो। लेकिन इसमें कोई दो राय नहीं कि भारतीय शेयर बाज़ार पर दुनिया के हाल का सीधा असर पड़ता है। साइप्रस और यूरो ज़ोन के झटके से भारतीय शेयर बाज़ार दोपहर दो बजे के बाद पस्त होने लगा। लेकिन कमाल की बात यह है कि विदेशी घटनाक्रमों से विदेशी निवेशक (एफआईआई) ज्यादा प्रभावित नहीं होते। इसका सबूत है कि कल कैश सेगमेंट में उनकी शुद्ध खरीद 368.31 करोड़ रुपए की रही। वहीं घरेलू संस्थाओं (डीआईआई) ने शुद्ध रूप से 30.08 करोड़ रुपए के शेयर बेचे।

हमें बाज़ार में कूदकर हीरे-मोती निकालने का मंसूबा पालने से पहले यह समझना होगा कि यहां के प्रतापी खिलाड़ी कौन-कौन से हैं। कारण, सही मायनों में बाज़ार के लिए जिस तरह की आम भागीदारी चाहिए, वैसी भागीदारी तो अपने यहां है नहीं। इसलिए एक जबरदस्त कॉकस वहां काम कर रहा है। लेकिन अंततः इस कॉकस का टूटना तय है क्योंकि बहुत दिनों तक अधिकांश लोगों को अच्छी चीजों से दूर नहीं रखा जा सकता। जो अच्छा है, उसकी तरफ देर-सबेर हर इंसान बढ़ता ही है। और, फिर एक दिन अच्छी चीज़ें इसी क्रम में सच्ची भी बन जाती हैं। समाज की गति का यह अकाट्य नियम है।

खैर, निफ्टी कल कारोबार के अंत में 5660 का मुश्किल स्तर भी तोड़कर नीचे चला गया। टेक्निकल जानकार बताते हैं कि फिलहाल निफ्टी खुद को 5600 के आसपास जमाने की कोशिश करेगा। किसी तरह बढ़कर 5700 तक पहुंचने में लगेगा। हालांकि कुल मिलाकर रुझान गिरावट का है। हां, बीच-बीच में बाज़ार थोड़ा बहुत उठ सकता है। लेकिन दो-चार दिन के लिए।

निफ्टी की गति

पिछला बंद कल का उच्चतम कल का न्यूनतम कल का बंद समर्थन/बाधा
5694.40 5757.75 5647.95 5658.75 5630/5730

 

गिरावट के माहौल में भी कुछ शेयर बढ़ रहे हैं। देश की तीसरी सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर निर्यातक कंपनी विप्रो का यही हाल है। उसका दो रुपए का शेयर कल बीएसई में 0.99 फीसदी बढ़कर 434.15 रुपए और एनएसई में 1.12 फीसदी बढ़कर 434.75 रुपए पर बंद हुआ है। अगले पांच दिन में यह 455 रुपए तक जा सकता है। इस तरह स्विंग ट्रेडिंग से इसमें करीब पांच फीसदी कमाया जा सकता है। लेकिन 422 रुपए पर स्टॉप लॉस लगाकर चलें।

विप्रो लिमिटेड (बीएसई 507685, एनएसई WIPRO)

कल का बंद भाव 52 हफ्ते का उच्चतम 52 हफ्ते का न्यूनतम भावी उम्मीद अपेक्षित रिटर्न
434.15 रुपए 455.80 रुपए 325.60 रुपए 455 रुपए +4.80%

(भाव बीएसई के)

डिस्क्लेमर: शेयर बाजार के निवेश में सबसे ज्यादा रिस्क है। इसलिए निवेश का फैसला काफी सोच-विचार और रिसर्च के बाद ही करें। आपके निवेश के लिए हम किसी भी रूप में जिम्मेदार नहीं होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *