मारुति में हड़ताल खत्म, हड़ताल का वेतन नहीं

मारुति सुजुकी का प्रबंधन 40 स्थाई कर्मचारियों को वापस लेने पर सहमत हो गया है। साथ ही 1200 अस्थाई कर्मचारियों को बहाल करने की बात भी स्वीकार कर ली है। इसके बाद शुक्रवार की सुबह कंपनी के मानेसर संयंत्र में पिछले 14 दिनों से जारी कर्मचारियों की हड़ताल खत्म हो गई। सुजुकी पावरट्रेन और सुजुकी मोटरसाइकिल में भी हड़ताल खत्म हो गई है।

समझौते के मुताबिक, कर्मचारियों को हड़ताल के दौरान काम नहीं करने पर वेतन का भुगतान नहीं किया जाएगा। कर्मचारियों की बहाली के अलावा शिकायतों के निस्तारण व श्रम कल्याण के लिए दो समितियों का गठन करने पर भी सहमति बनी है, ताकि संयंत्र में मैत्रीपूर्ण कार्य का वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

मारुति कंपनी प्रबंधन, हड़ताली कर्मचारियों और हरियाणा सरकार के बीच एक त्रिपक्षीय समझौते के बाद हड़ताल ख़त्म करने की घोषणा की गई। समझौते के मुताबिक 64 स्थाई कर्मचारियों को वापस काम पर ले लिया जाएगा। लेकिन अन्य 30 कर्मचारियों का निलंबन जारी रहेगा। असल में जिन कर्मचारियों पर आरोप गंभीर नहीं थे, कंपनी प्रबंधन ने ऐसे कर्मचारियों को बहाल किया है। 64 कर्मचारियों के मामले में आरोप गंभीर नही थे। लेकिन अन्य 30 कर्मचारियों के मामले में आरोप गंभीर प्रकृति के पाए गए हैं। जहां तक अस्थाई कर्मचारियों का संबंध है, कंपनी मानेसर संयंत्र में चल रहे विस्तार के मद्देनज़र कर्मचारियों की कमी पूरी करने के लिए उन्हें वापस नौकरी पर रखेगी।

उल्लेखनीय है कि मानेसर संयंत्र में करीब 1200 अस्थाई और 44 स्थाई कर्मचारियों की बहाली की मांग को लेकर कर्मचारी सात अक्टूबर से हड़ताल पर थे। इससे पहले 33 दिन चली हड़ताल को ख़त्म करने के लिए एक अक्टूबर को हुए समझौते के बाद इन कर्मियों को निलंबित कर दिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *