राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नेपाल से लाए गए दो लाख रूपये मूल्य के जाली नोटों के साथ पेशे से दर्जी दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी की मदद से दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा की टीम ने सोमवार को दिल्ली के ख्याला में रहने वाले 32 साल के कौसर अली और भोला कुमार को धर दबोचा।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अली बिहार के चम्पारण का रहने वाला है जबकि कुमार मोतिहारी का रहने वाला है। ये दोनों ही अक्सर किस्तों में नकली नोट लेने के लिए नेपाल जाया करते थे। दोनों ही दिल्ली में दर्जी का काम करते हैं। इसीलिए कहते हैं कि अपराध की कोई जाति नहीं होती, कोई धर्म नहीं होता।
इस पुलिस अधिकारी के मुताबिक इन लोगों के पास से एक हजार रूपए मूल्य के 1000 और पांच सौ रूपए मूल्य के 2000 जाली नोट बरामद हुए हैं। इनके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
बीते 6 मार्च को भी दिल्ली पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर दस लाख रूपए मूल्य के जाली नोट बरामद किए थे। इनमें से एक युवक का संबध हिजबुल मुजाहिद्दीन के साथ है। वह इस प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन के लिए संवाद विशेषज्ञ के रूप में काम किया करता था। इन लोगों को पुलिस ने खान मार्केट के नजदीक पकड़ा था।