अब खबर ही नचाएगी तो चलेंगे शेयर

बाजार का विश्वास पहले से ही डिगा हुआ था। ऊपर से निफ्टी 5480 के प्रतिरोध स्तर से भी नीचे चला गया। यह इस बात का साफ संकेत है कि निफ्टी में आगे भी कमजोरी बनी रहेगी। हालांकि बाजार में भागीदारी की जो स्थिति है, उसे देखते हुए इसके बढ़ने की भी इतनी ही ज्यादा गुंजाइश है। आज भी दोपहर बारह बजे के बाद यह कोशिश नजर आई। लेकिन छोटी-सी रेंज में थोड़े से वोल्यूम के साथ बाजार डोल रहा है।

गुरुवार को रिजर्व बैंक ब्याज दरें बढ़ाने पर विचार करेगा। यह वृद्धि ज्यादा से ज्यादा 0.25 फीसदी हो सकती है। बाजार तब तक ट्रेडिंग ज़ोन ही बना रहेगा। वास्तविक निवेश का मामला ठनठन गोपाल ही रहेगा। मेरी अपनी मान्यता है कि निफ्टी यू-टर्न लेने से 5390 तक भी जा सकता है। इसके बाद इसी सेटलमेंट में वो वापस 5600 तक पहुंच सकता है।

ब्याज दरों में वृद्धि के अंदेशे से बाजार के खिलाड़ियों को काफी ज्यादा शॉर्ट सौदे करने की मौका मिलता है। लेकिन यह बाद में बाजार के उठने का इकलौता कारक बन सकता है। इस दौरान स्टॉक्स से संबंधित सकारात्मक व नकारात्मक खबरों पर बाजार प्रतिक्रिया दिखाता रहेगा। हम भी अपेक्षित खबरों के प्रवाह नजर रखे हुए हैं ताकि ट्रेडिंग के सही मौके पकड़े जा सकें।

सेंचुरी टेक्सटाइल्स में पहले बात चली है कि वह रिटेल सेगमेंट में उतर रही है। अब चर्चा है कि वह अपना पेपर डिवीजन बेच रही है। ये दोनों ही खबरें अभी सार्वजनिक नहीं हुई हैं। लेकिन चर्चाओं ने शेयर में बढ़त का क्रम बना दिया है। इससे निश्चित रूप से सेंचुरी के दबे हुए स्टॉक में जान आएगी और यह पुनर्मूल्यांकन के बाद ऊपर में 700 रुपए तक जा सकता है। आज सुबह से इसमें बढ़त का क्रम नजर आया।

आरआईआईएल (रिलायंस इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर) के बीमा में उतरने की खबर आ चुकी है। अब हमें आरआईआईएल में हिताची द्वारा इक्विटी खरीदने की खबर का इंतजार है। इससे बाद यह शेयर आसानी से 800 रुपए के पार जा सकता है। फिलहाल यह 585 रुपए के आसपास है। सूर्यचक्र पावर की तरफ से विंड एनर्जी की घोषणा के बाद उसके शेयर में सुधार दिख रहा है। आज इसमें करीब 8 फीसदी की वृद्धि हुई है। इसी तरह के बहुत से स्टॉक्स हैं जिनमें सही खबर आने का इंतजार है। ऐसा होने पर इनमें आसानी से 15 से 25 फीसदी बढ़त हो सकती है।

ऐसे कुछ और स्टॉक्स जिनमें अच्छी या बुरी खबरों का इंतजार है, उनमें शामिल हैं – आरआईआईएल, सैंडुर मैंग्नीज, एचएफसीएल, एशियन ऑयलफील्ड, ब्रशमैन, क्विंटेग्रा सोल्यूशंस, बालासोर एलॉयज, आईडीबीआई, आईएफसीआई, लॉयड्स स्टील, इस्पात इंडस्ट्रीज, जेएसडब्ल्यू स्टील, सेल, अडानी एंटरप्राइसेज और फाइनेंशियल टेक्नोलॉजीज। जब कभी भी खबर आएगी, इनमें तेज हलचल होगी। ध्यान रखें, बिना धैर्य के धन नहीं मिलता।

हम तीन तरह से समझदार बन सकते हैं। पहला, दूसरों के अनुभवों से सीखकर जो सबसे अच्छा तरीका है। दूसरा, दूसरों की नकल से जो सबसे आसान है। और तीसरा, खुद के अनुभव से जो सबसे ज्यादा तकलीफदेह है।

(चमत्कार चक्री एक अनाम शख्सियत है। वह बाजार की रग-रग से वाकिफ है। लेकिन फालतू के कानूनी लफड़ों में नहीं उलझना चाहता। सलाह देना उसका काम है। लेकिन निवेश का निर्णय पूरी तरह आपका होगा और चक्री या अर्थकाम किसी भी सूरत में इसके लिए जिम्मेदार नहीं होंगे। यह मूलत: सीएनआई रिसर्च का फीस-वाला कॉलम है, जिसे हम यहां मुफ्त में पेश कर रहे हैं)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *