जापान उबरा भूकंप के असर से, 6% रही विकास दर

जापान अब मार्च में आए भूकंप के असर से उबर गया लगता है। अभी सितंबर में बीती इस साल की तीसरी तिमाही में जापान की अर्थव्यवस्था में सुधार हुआ है। जापान सरकार के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक जुलाई-सितंबर 2011 में जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) की विकास दर 6 फीसदी रही है। हालांकि इसकी उम्मीद अर्थशास्त्रियों को पहले से थे। समाचार एजेंसी ब्लूमबर्ग की तरफ से किए गए सर्वेक्षण में 26 अर्थशास्त्रियों ने सितंबर तिमाही में जापान के जीडीपी में साल भर पहले की तुलना में 5.9 फीसदी बढ़त का अनुमान लगाया था।

जुलाई से सितंबर की तिमाही में जीडीपी की विकास दर ठीक पहले की जून तिमाही की अपेक्षा 1.5 फ़ीसदी बढ़ गई है। पिछली तीन तिमाहियों में संकुचित विकास दर के बाद पहली बार इसमें सकारात्मक सुधार हुआ है।

हालांकि विश्लेषकों का कहना है कि जापान की मुद्रा येन और वैश्विक आर्थिक समस्याओं का असर जापान के आर्थिक सुधार की गति पर पड़ेगा। मार्च के भूकंप और सुनामी के बाद जापान की अर्थव्यवस्था आर्थिक मंदी का शिकार हो गई थी। देश के उत्तर-पूर्व में आए भूकंप ने फ़ैक्टरियों को भी तबाह किया और आपूर्ति को प्रभावित कर दिया।

हालांकि हाल के आंकड़ों से पता चलता है कि निर्यात में सुधार हो रहा है जिससे आर्थिक विकास को गति मिल रही है। कैबिनेट कार्यालय के आंकड़ों के मुताबिक़ देश के कुल निर्यात ने तीसरी तिमाही के विकास दर में तिहाई से थोड़ा ज़्यादा का योगदान किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *