डिश टीवी: भाव 60 का, दाम 2 का!

किस-किसकी बात करूं! हर कोई तो यही करता है। खरीदो, बेचो, होल्ड करो, निकल जाओ स्टॉप लॉस लगाकर, जैसे चाय पी लो मलाई मारकर। जो पारंगत है उनके लिए इस तरह की टिप्स सही हो सकती हैं। लेकिन मुझे लगता है कि हमारे-आप जैसे सामान्य नौसिखिया निवेशकों के लिए शेयरों में निवेश बेटी की शादी की तरह है। दस जगह से लोग बताते हैं कि ये रिश्ता अच्छा है, वो रिश्ता अच्छा है। लेकिन हम खुद खोज-परख करते हैं। तब जाकर रिश्ता पक्का करते हैं। फिर अपनी गाढ़ी कमाई को यूं ही आप किसी के कहने पर कहीं भी क्यों लगा देते हैं? जिस तरह आप अपनी बेटी की शादी बिना खुद जांचे-भाले कहीं भी नहीं कर देते, वैसे ही आपको अपना निवेश खुद पूरी तहकीकात के बाद ही करना चाहिए। हम आपके लिए अच्छे रिश्ते, मतलब अच्छे शेयर खोजकर लाने में बस मदद भर कर सकते हैं। फैसला आपको करना है पूरी तरह सोच-समझकर, देख-भाल कर।

अब आज की चर्चा। एचडीएफसी सिक्यूरिटीज ने 24 जनवरी को जारी अपनी रिपोर्ट में डिश टीवी (बीएसई – 532839, एनएसई – DISHTV) को 61 रुपए के भाव पर खरीदने की सिफारिश की थी और कहा था कि यह शेयर 68 रुपए तक जाएगा। लगभग दिन बाद कल 3 फरवरी को यह शेयर 60.35 रुपए पर बंद हुआ। यानी वहीं का अटका पड़ा है। हां, इस दरमियान 1 फरवरी को यह नीचे में 55.60 रुपए तक भी चला गया। इसने 77.35 रुपए पर अपना 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर दो महीने पहले 2 दिसंबर 2010 को हासिल किया था। लेकिन उसके बाद से गिरता जा रहा है। हालांकि दो दिनों से इसमें रुख ऊपर का है।

डिश टीवी देश में डीचीएच (डायरेक्ट टू होम) सेवाएं देवाएं देनेवाली सबसे बड़ी कंपनी है। सुभाष गोयल के ज़ी समूह से वास्ता रखती है। दिसंबर 2010 की तिमाही में उसने 373.16 करोड़ रुपए की आय हासिल की है। लेकिन उसे 44.28 करोड़ रुपए का शुद्ध घाटा हुआ है। इस तरह वह फायदे में नहीं है। हां, बराबर अपना घाटा जरूर कम करती जा रही है। साल भर पहले दिसंबर 2009 की तिमाही में उसका शुद्ध घाटा 76.23 करोड़ रुपए था। पूरे वित्त वर्ष 2009-10 में कंपनी को 1084.79 करोड़ रुपए की आय पर 261.33 करोड़ रुपए का घाटा हुआ था। कंपनी के शेयर की बुक वैल्यू भी मात्र 2.33 रुपए है। भाव 60 का, दाम 2 का!!!

फिर भी एचडीएफसी सिक्यूरिटीज का कहना है कि दिसंबर 2010 की तिमाही में कंपनी के सक्रिय सब्सक्राइबर 13.5 फीसदी बढ़े हैं। उसकी आय 14.4 फीसदी बढ़ी है। सकल लाभ या इबिटा में साल भर पहले की दुनिया में 34 फीसदी वृद्धि हुई है। कंपनी की डीचीएस सेवाओं के मौजूदा सब्सक्राइबरों की संख्या 94 लाख तक पहुंच चुकी है। जल्दी ही कंपनी इसे एक करोड़ तक पहुंचाने जा रही है। अभी कंपनी की प्रति यूजर औसत आय (एआरपीयू) 142 रुपए है। इसे वह मार्च 2011 तक 155 रुपए तक पहुंचा देगी। इस आधार पर इसमें निवेश फायदे का सौदा साबित हो सकता है। लेकिन हमारा मानना है कि उस्ताद लोगों के लिए डिश टीवी थोड़े समय के खेल का अच्छा साधन हो सकता है। पर रिटेल निवेशकों को फिलहाल ऐसे ‘संभावनामय’ शेयरों से दूर ही रहना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *