कोल इंडिया निकली ओएनजीसी से आगे

कोल इंडिया (सीआईएल) ने बाजार पूंजीकरण के लिहाज से ओएनजीसी को पीछे छोड़ते हुए सार्वजनिक क्षेत्र की सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई है। वैसे, निजी क्षेत्र को मिला दें कि रिलायंस इंडस्ट्रीज अब भी इस लिहाज से देश की सबसे बड़ी कंपनी है।

कोल इंडिया का शेयर सोमवार को एनएसई में 8.70 रुपए बढ़कर 397.60 रुपए पर बंद हुआ है। उसने आज ही 400.90 रुपए पर अब तक का उच्चतम स्तर भी बनाया है। इसी के साथ कंपनी का बाजार पूंजीकरण 2,51,170 करोड़ रुपए हो गया है।

वहीं दूसरी ओर ओएनजीसी का बाजार पूंजीकरण घटकर 2,37,457 करोड़ रुपए हो गया। कंपनी के शेयर में आज 6.71 फीसदी (19.55 रुपए) की भारी गिरावट दर्ज की गई है और वो 277.55 रुपए पर बंद हुआ। रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण इस समय 3,01,277 करोड़ रुपए है।

कोल इंडिया ने सूचीबद्ध होने के छह महीने बाद यह स्थिति हासिल की है। कंपनी का आईपीओ 245 रुपए प्रति शेयर के भाव पर अक्तूबर 2010 में आया था। उसके शेयर तब से लेकर अब तक 62 फीसदी से ज्यादा बढ़ चुका है, जबकि इस दौरान सेंसेक्स, निफ्टी, रिलायंस व ओएनजीसी सभी में गिरावट आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *